नई दिल्‍ली: बॉलीवुड के लोग वैसे तो हर त्‍योहार ही काफी धूमधाम से मनाते हैं लेकिन फिर भी त्‍योहारों पर स्‍टार्स की अपनी ही एक अलग जंग जारी रहती है. जैसे ईद सलमान खान तो दिवाली शाहरुख खान और अक्‍सर साल के आखिरी जश्‍न यानी क्रिस्‍मस के आमिर खान के नाम होता है. दरअसल त्‍योहारों की यह जंग किसी और चीज को लेकर नहीं बल्कि फिल्‍मों की रिलीज को लेकर होती है और इस साल भी सलमान खान ने ईद अपने नाम कर ली है. सलमान खान की आने वाली फिल्‍म 'ट्यूबलाइट' इस साल ईद पर आने वाली है. 'भाईजान' के फैन्‍स के लिए हाल ही में आई यह खबर काफी खुशी वाली थी और अब बुधवार को सल्‍लू मियां की इस फिल्‍म का पहला पोस्‍टर रिलीज किया गया है.

फिल्‍म के इस पहले पोस्‍टर में सलमान खान का चेहरा नहीं दिखाई दे रहा है, बल्कि उनकी पीट नजर आ रही है. इस पहले पोस्‍टर के साथ ही उम्‍मीद है कि कबीर खान द्वारा निर्देशित इस फिल्‍म के प्रमोशन की शुरुआत हो चुकी है. इस पोस्टर को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए सलमान खान ने लिखा है कि क्या तुम्हें यकीन है और फिर इसके पोस्टर पर ईद के रिलीज का वक्त दे दिया है.यह फिल्‍म एक हिस्टोरिक वॉर ड्रामा फिल्म है जिसमें सलमान के साथ चीनी एक्टर झूझू भी नजर आएंगे. सलमान की इस फिल्‍म में शाहरुख खान एक स्पेशल केमियो करने वाले है. डायरेक्‍टर कबीर खान और सलमान की जोड़ी तीसरी बार साथ नजर आने वाली है. इससे पहले दोनों ने साल 2012 में फिल्म 'एक था टाइगर' और 2015 में 'बजरंगी भाईजान' में काम किया था. यह दोनों ही फिल्‍में सुपरहिट साबित हुई थीं.
फिल्‍म 'ट्यूबलाइट' 23 जून को रिलीज होने वाली है.
   
 
Top