बॉलीवुड फिल्मों में मां के रोल के लिए पहचानी जाने वाली दिवंगत अभिनेत्री निरूपा रॉय की प्रॉपर्टी विवाद मामला अब कोर्ट पहुंच चुका है। मुंबई मिरर में छपी रिपोर्ट की मानें तो निरूपा रॉय के बेटे योगेश रॉय और किरण रॉय इस मामले को सुलझाने के लिए अब कोर्ट की मदद ले रहे हैं। बता दें कि नेपियंसी रोड स्थित निरूपा रॉय के बंगले के लिए बेटों के बीच झगड़े की शुरुआत पिता कमल रॉल के निधन के बाद शुरू हुआ।
निरूपा रॉय के छोटे बेटे किरण ने अपने बड़े भाई पर प्रॉपर्टी पर हक जमाने के लिए डराने और धमकाने का आरोप लगाया है। यह झगड़ा दरअसल प्रॉपर्टी में बराबर की हिस्सेदारी और मां के बेडरूम को लेकर चल रहा है। किरण की फैमिली और योगश एंबेसी अपार्टमेंट में चार बेडरूम वाले ग्राउंड फ्लोर फ्लैट में साथ रहते हैं। निरूपा रॉय ने यह फ्लैट साल 1963 में 10 लाख से भी कम कीमत में खरीदा था।
इस फ्लैट का बंटवारा होने पर दोनों भाइयों के हिस्से में दो-दो बेडरूम आए। यह 3000 स्क्वायर फीट में फैला हुआ है। इस फ्लैट के साथ 8,000 स्क्वायर फीट का गार्डन एरिया भी है। बंटवारे का ट्विस्ट ये है कि निरूपा रॉय ने अपनी वसीयत में अपना बेडरूम पति कमल रॉय और छोटे बेटे किरण के नाम किया था। कमल रॉय की मृत्यु के बाद बेडरूम का मालिकाना हक किरण को सौंप दिया।
अब किरण का कहना है कि भाई योगेश अब पूरी प्रॉपर्टी में हिस्सा चाहते हैं। उनका दावा है कि बड़े भाई योगेश का व्यवहार माता-पिता के साथ अच्छा नहीं था। इसलिए उन्हें प्रॉपर्टी में बराबर का हिस्सेदार नहीं बनाया गया था। उनका कहना है, मां की मौत के बाद मैंने ही पिता की देखभाल की और उनकी यह इच्छा थी कि मैं ही उनके बेडरूम में रहूं और उन्होंने इस बारे में मेरे भाई और उनकी फैमिली को साफ-साफ कह भी दिया था। लेकिन अब योगेश जबरन इस प्रॉपर्टी में बराबर की हिस्सेदारी चाहते हैं। अब यह मामला कोर्ट में है।
