यूपी में वोटिंग के सिर्फ दो चरण बाकी हैं और बीजेपी ने अब बुर्कानशीं वोटरों पर ऐतराज जताया है. पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जे पी एस राठौर और कुलदीप त्रिपाठी ने इस सिलसिले में मुख्य चुनाव आयुक्त को चिट्ठी लिखी है.
चिट्ठी में क्या है ?
चिट्ठी में कहा गया है कि वोटिंग के दौरान बड़ी संख्या में महिला मतदाता बुर्का पहनकर बूथों तक आती हैं. इसकी वजह से इन वोटरों की शिनाख्त के लिए संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त महिला सुरक्षा बलों की तैनाती जरुरी है. चिट्ठी के साथ बलिया और मऊ जिलों के संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों की सूची भी भेजी गई है.
तूल पकड़ सकता है मुद्दा
हालांकि चिट्ठी में किसी समुदाय का नाम नहीं है. सीधे तौर पर बीजेपी ने सिर्फ फर्जी वोटिंग का मुद्दा उठाया है. लेकिन ये साफ है कि बीजेपी का निशाना महिला मुस्लिम वोटरों पर है. पहले से मुस्लिम-विरोधी छवि वाली बीजेपी की इस चिट्ठी पर विपक्षियों की त्योरियां चढ़ना लाजिमी है. कुछ सियासी पंडित इसे आखिरी दो चरणों से पहले सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की कोशिश के तौर पर देख सकते हैं.
विपक्ष की प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने बीजेपी की इस चिट्ठी की आलोचना की है. समाजवादी पार्टी के नेता नरेश अग्रवाल का कहना था कि चिट्ठी से बीजेपी की ओछी मानसिकता का पता चलता है. उन्होंने याद दिलाया कि वोटिंग के वक्त हर मतदाता को पर्ची दी जाती है. लिहाजा फर्जी वोटिंग की आशंका गलत है.