सोपोर। जम्मू-कश्मीर में सरहद पर हो रही गोलीबारी के बीच भारतीय सेना के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। सेना ने सोपोर में लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकी को जिंदा पकड़ा है। सोपोर जिले में पुलिस को खबर मिली थी कि वहां कुछ आतंकी छिपे हुए हैं जिसके बाद पुलिस और 22 वीं राजपूताना रायफल्स के संयुक्त अभियान में लश्कर का आंतकी उमर खलीक पकड़ा गया।

गुरुवार को पकड़े गए आतंकी उमर खलीक के पास से भारी मात्रा गोला-बारूद भी बरामद हुआ है। खलीक के पास से एके रायफल और ग्रेनेड भी मिले हैं। इलाके में कुछ और आतंकियों के मौजूद होने की संभावना जताई जा रही है जिस वजह से सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।

इससे पहले मंगलवार को बांदीपुरा में भी सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ की खबर आई थी। एक गांव में दो-तीन आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी लेकिन वहां घंटों तक चले अभियान में सुरक्षा बलों को कोई कामयाबी नहीं मिल सकी थी। मौका देखकर सभी आतंकी वहां से फरार हो गए थे। बता दें कि पुलिस ने पिछले हफ्ते पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन तहरीक-ए-जेहादी-इस्लामी के दो सक्रिय संदिग्धों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था।
   
 
Top