प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी दौरे के तीसरे दिन सोमवार को रोहनिया के खुशीपुर में इस चुनाव की अंतिम रैली को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी, सरदार पटेल के सपनों को पूरा करने के लिए आजादी की 75वीं वर्षगांठ 2022 तक सभी को अपना घर दिलाने का संकल्प बीजेपी की सरकार ने लिया है। 2022 तक किसानों की आय को दोगुनी करने का संकल्प भी लिया गया है।
मोदी ने कहा कि सरकार ने इसका रोड मैप बनाया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। धरती मां की सेहत के लिए काम किया जा रहा है। हर खेत की मिट्टी लेकर परीक्षण कराया जा रहा है। यह पता किया जाएगा कि उस मिट्टी में क्या उग सकता है, कौन सी दवाई चलेगी। सरकार हजारों-करोड़ रुपये इसके लिए खर्च कर रही है। मोदी ने कहा कि किसानों को बढ़िया बीज का भी इंतजाम किया जा रहा है। किसानों के पुराने पंप बदलकर सरकार नए पंप देगी। यूरिया की चोरी रोकने का इंतजाम किया गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के जरिये किसानों को हो रहे नुकसान को रोका गया है।अखिलेश पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि पीएम मोदी ने कहा कि पूरे देश ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ ले लिया लेकिन यूपी सरकार ने अभी तक इसे नहीं लिया है। भाजपा शासित राज्यों में किसानों का 60 प्रतिशत तक धान खरीदा जाता है लेकिन यूपी में केवल तीन प्रतिशत ही खरीदा जाता है।
सोनेलाल पटेल को याद कर भाषण की शुरुआत
पीएम मोदी ने रोहनिया के खुशीपुर में भाषण की शुरुआत सोनेलाल पटेल को याद करते हुए की। मोदी ने कहा कि सोनेलाल अक्सर गुजरात आते रहते थे अौर सरदार पटेल के बारे में बातें करते रहते थे। सोनेलाल पटेल ने जो बीज बोया अौर जो वटवृक्ष के रूप में फला-फूला अौर उनकी बेटी अनुप्रिया उस वृक्ष को संभालने में जुटी हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज रामनगर जाकर शास्त्री जी की पवित्र भूमि को नमन करने का समय मिला। ये मेरा सौभाग्य है कि सरदार पटेल की भूमि पर जन्म लेने के बाद पूर्वांचल में सेवा का अवसर मिल रहा है।
