हैदराबाद। तीन तलाक को लेकर देशभर में लोगों के अलग मत है वहीं इस मुद्दे को एक ताजा मामले ने फिर हवा दे दी है। दरअसल अमेरिका में रहने वाले एस व्यक्ति ने हैदराबाद में रह रही अपनी पत्नी को व्हट्सऐप पर तलाक दे दिया है। इसके बाद महिला ने थाने में पति के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।
जानकारी के अनुसार मामला हैदराबाद के मोगुलपुरा थाना क्षेत्र का है जिसमें एक 20 वर्षीय महिला ने अपने के पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उसका कहना है कि उसका पति अमेरिका में रहता है और उसने व्हाट्सएप पर तलाक दिया है।
जानकारी के अनुसार, एक मेडिकल एजेंसी में काम करने वाले उस्मान कुरैशी का 2015 में महरीन नूर से निकाह हुआ था। निकाह के कुछ दिन बाद वह अमेरिका के न्यूयार्क शहर चला गया। पुलिस का कहना है कि नूर को उस्मान ने पिछले हफ्ते एक मैसेज किया था, जिसमें तलाक, तलाक, तलाक लिखा था। उसके बाद उसके शौहर ने अपनी व्हाट्सएप डीपी पर तलाक वाला फोटो लगा दिया।
इसके बाद तो हद तब हो गई जब उसके सास-ससुर ने पीडि़ता को घर से निकाल दिया। इसे पर उसने अपने ससुराल वालों के खिलाफ 27 फरवरी को थाने में मामला दर्ज कराया। इसके बाद सास-ससुर को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस उसके पति के खिलाफ कार्रवाई करने पर कानूनी सलाह ले रही है। पीडि़त महिला को तलाक संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला है। महरीन के घरवालों का कहना है कि तलाक के लिए पति को सामने मौजूद रहना चाहिए, इसलिए सोशल मैसेजिंग एप पर तलाक देना वैध नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि तिहरे तलाक को लेकर कुछ मुस्लिम महिलाओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर इसको मुस्लिम महिलाओं के हक की अनदेखी बताया है। इन महिलाओं ने कोर्ट से इसको खत्म करने की गुजारिश भी की है, जिसपर कोर्ट ने सरकार से उसका पक्ष जाना है। हालांकि मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड इस मुद्दे पर दो टूक कह चुका है कि वह इस मामले में किसी तरह की दखल पसंद नहीं करेगा।
