राजकोट: गुजरात के राजकोट में आज भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट के पहले दिन का खेल जारी है। टॉस जीतने के बाद इंग्लैंड के कप्तान एलिस्टर कुक ने कहा कि पिच पारंपरिक भारतीय अंदाज की दिखाई दे रही है। इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के शुरुआती दिन आज यहां चाय के विश्राम तक तीन विकेट पर 209 रन बनाये। चाय के विश्राम के समय जो रूट 93 और मोईन अली 48 रन पर खेल रहे थे। 
स्पिनर आर अश्विन और रविंद्र जडेजा ने इंग्लैंड के शीषर्क्रम के विकेट जल्दी निकाल दिये और भारत के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन आज लंच तक मेहमान टीम ने तीन विकेट 102 रन पर खो दिये। पहली बार टेस्ट की मेजबानी कर रहे शहर में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली इंग्लैंड टीम ने कप्तान एलेस्टेयर कुक (21) और पहला टेस्ट खेल रहे हसीब हमीद (31) के विकेट जल्दी गंवा दिये। लंच से ठीक पहले अश्विन ने बेन डकेट (13) को अपना दूसरा शिकार बनाया। जो रूट 35 रन बनाकर खेल रहे थे।

ऑफ स्पिनर अश्विन ने हमीद का विकेट लिया और उनका विकेट भारत में किसी टेस्ट में डीआरएस का पहला फैसला रहा। डकेट ने इससे पहले अश्विन को पिछले ओवर में तीन चौके जड़े थे। अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे जडेजा ने भारत को 47 के स्कोर पर पहली सफलता दिलाते हुए इंग्लैंड के कप्तान कुक को पगबाधा आउट किया। इंग्लैंड के दोनों सलामी बल्लेबाज पगबाधा आउट हुए। डीआरएस के मामले में इंग्लैंड ने दोनों बार चूक की। पहले तो कप्तान कुक के फैसले के खिलाफ डीआरएस नहीं लिया और फिर हमीद के पगबाधा के खिलाफ डीआरएस का इस्तेमाल किया। सिक्के की उछाल में किस्मत का साथ नहीं मिलने के बाद भारत ने शुरुआती क्षणों में लचर फील्डिंग का प्रदर्शन किया और कुछ आसान कैच टपकाये। 

तीसरी ही गेंद पर अजिंक्य रहाणे ने शमी की गेंद पर गली में कुक का कैच छोड़ा। इसके बाद मुरली विजय ने पहली स्लिप में उमेश यादव की गेंद पर हमीद का कैच टपकाया। उस समय वह 13 के स्कोर पर था। इंग्लैंड ने 10 ओवर में 35 रन बना लिये थे जिसके बाद स्पिनरों को गेंद सौंपी गई। पहले घंटे में स्कोर 15 ओवर में 47 रन था। भारत को पहली सफलता जडेजा ने दिलाई जब कुक लेग साइड पर खेलने के प्रयास में पगबाधा आउट हो गए।

रूट और हमीद ने इसके बाद संभलकर बल्लेबाजी की। रूट ने अश्विन को सातवें ओवर में कवर में लगातार दो चौके लगाये। अश्विन ने दो ओवर बाद बदला चुकता करते हुए उसे पवेलियन भेजा। भारतीय सरजमीं पर पहली बार किसी टीम ने डीआरएस का इस्तेमाल किया लेकिन फैसला उनके अनुकूल नहीं रहा और अंपायर के फैसले को सही ठहराया गया। हमीद छह चौकों की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच डकेट ने अश्विन को दो स्वीप शाट और एक्स्ट्रा कवर में खेलकर चौके जड़े। अगले ओवर में अश्विन ने उन्हें स्लिप में रहाणे के हाथों लपकवाकर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। भारत ने इस मैच में पांच गेंदबाजों को उतारा जिसमें तीसरे स्पिनर के रूप में अमित मिश्रा को जगह दी गई।
   
 
Top