नई दिल्ली.जेएनयू के लापता स्टूडेंट नजीब अहमद का कोई सुराग नहीं मिलने से नाराज साथियों ने रविवार को फिर प्रदर्शन किया। वे इंडिया गेट की तरफ जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान नजीब की मां फातिमा नफीस समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया। अरविंद केजरीवाल ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया है। उन्होंने ट्विटर पर एक फोटो शेयर किया है, जिसमें दिल्ली पुलिस नजीब की मां को घसीटकर ले जाती दिख रही है। सीएम ने कहा ‘मोदी जी, बहुत हाए लगेगी'...

- केजरीवाल ने फोटो शेयर कर लिखा, ‘नजीब, जो 23 दिन से लापता है, उसकी मां को दिल्ली पुलिस घसीटते हुए। कुछ दिन पहले, जान देने वाले रिटायर्ड फौजी रामकिशन के बेटों को पीटा था। मोदी जी, बहुत हाए लगेगी।’
- फातिमा और बाकी लोगों को पुलिस मायापुरी थाने ले गई। केजरीवाल ने ट्वीट कर बताया कि पुलिस उन्हें घर छोड़ने गई है, लेकिन उनके पहुंचने तक वे थाने के बाहर इंतजार करेंगे।
- नजीब की गुमशुदगी पर रविवार को केजरीवाल ने प्रेसिडेंट प्रणब मुखर्जी को लेटर लिखकर दखल देने की मांग की है। प्रेसिडेंट ने इस मामले में दिल्ली पुलिस और होम मिनिस्ट्री से रिपोर्ट तबल की है।
- नजीब की फैमिली अब तक की पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा रही है।
- कुछ दिन पहले केजरीवाल जेएनयू गए थे। जहां स्टूडेंट्स से इंडिया गेट पर प्रदर्शन करने और एक जुट होने की बात कही थी।

गुमशुदगी का रहस्य बरकरार
- नजीब 15 अक्टूबर से लापता है। कहा जा रहा है कि उसका कुछ स्टूडेंट्स के साथ हॉस्टल में झगड़ा हुआ था।
- इस मुद्दे पर स्टूडेंट्स में खासी नाराजगी है। 19 अक्टूबर को 200 स्टूडेंट्स ने जेएनयू की एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग का घेराव किया था।
- वाइस चांसलर, रेक्टर, प्रॉक्टर और रजिस्ट्रार समेत कई अफसरों को बंधक बना लिया था। वहां से वीसी और दूसरे अधिकारी 24 घंटे बाद ही बाहर निकल सके।

वीसी के घर का भी किया था घेराव
- स्टूडेंट इतने पर भी शांत नहीं हुए और उन्होंने 23 अक्टूबर को वीसी के घर का घेराव किया था।
- हंगामे के बाद राजनाथ सिंह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को नजीब की खोज के लिए स्पेशल टीम बनाने को कहा था।
- नजीब के बारे में जानकारी देने वाले को 1 लाख रुपए इनाम देने का एलान किया गया है।
   
 
Top