मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने उन सभी अफवाहों को खारिज किया है, जिसमें कहा गया था कि आगामी मल्टी स्टारर फिल्म ‘डियर जिंदगी’ से पाकिस्तानी अभिनेता अली जफर को हटाया गया है.

उन्होंने कहा कि फिल्म अपने पूर्ण स्वरूप में आएगी. एक पत्रिका के कवर लांच में शामिल आलिया से जब अली के फिल्म से हटाए जाने के बारे में पूछा गया तो आलिया ने कहा, ‘किसी को फिल्म से हटाया नहीं गया है और फिल्म अपने पूर्ण स्वरूप में आएगी.’

आलिया ने उन अफवाहों को खारिज करते हुए उनपर विराम लगाई है, जिसमें कहा गया था कि पाकिस्तानी अभिनेताओं पर प्रतिबंध लगाने के बाद अली जफर को हटाकर फिल्म में ताहिर राज भसीन को लिया गया है.

फिल्म में अपने किरदार के बारे आलिया ने कहा, ‘फिल्म ‘डियर जिंदगी’ का किरदार मेरे बेहद करीब है. हालांकि मैं यह नहीं कहूंगी कि मैं कौन हूं, लेकिन यह वैसा ही है जैसे एक चिड़चिड़े संबंधों में होता है या मां के साथ झगड़ने में होता है.’

हाल में शर्मिला टैगोर ने कहा था कि यदि उनके पति पर कोई बायोपिक बनाई जाती है तो आलिया उनका किरदार निभाएंगी. इस पर आलिया ने कहा, ‘फिल्म इंडस्ट्री मेरे लिए परिवार की तरह है. इसलिए जब कोई सीनियर मेरे काम की प्रशंसा करता है तो इससे मुझे बेहद खुशी होती है.’
   
 
Top