नई दिल्ली.अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को केंद्र से 500-1000 के नोट बंद करने के अपने फैसले को वापस लेने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि पीएम ने यह एलान करने से पहले अपने उन दोस्तों को अलर्ट कर दिया था, जिनके पास ब्लैक मनी है। केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी का सर्जिकल स्ट्राइक ब्लैक मनी पर नहीं, आम जनता के बरसों से जोड़ी गई सेविंग्स पर है। बता दें कि सरकार ने 8 नवंबर की रात से 500 और 1000 के नोट बंद करने का एलान किया था। आप का दावा- नोट बंद होने की जानकारी बीजेपी के नेताओं को थी...

- अरविंद केजरीवाल ने कहा- "जुलाई से सितंबर तक भारी तादाद में बैंकों में पैसा डिपोजिट हुआ है? ये किसका पैसा था? और ये किसने किया?"
- उन्होंने कहा- "8 नवंबर को पीएम ने नोट बंद करने का एलान किया। साथ ही, यह भी कहा कि 2000 और 500 के नए नोट बाजार में आएंगे। लेकिन बीजेपी नेता संजीव खंबोज ने 6 नवंबर को 2000 रुपए के नोटों की गड्डी की फोटो ट्वीट कर दी थी।"
- "मार्केट में 500 और 1000 के नोट चेंज करवाने के लिए दलाल घूम रहे हैं। ब्लैक मनी वाले अपना पैसा प्रॉपर्टी, सोना और डॉलर खरीदने में लगा रहे हैं।"
- "सरकार कह रही है कि ढाई लाख से ज्यादा रुपए अगर बैंक में जमा कराए तो एक्शन लिया जाएगा। दरअसल, प्लान ये है कि ढाई लाख से ज्यादा जमा मत कराओ, क्योंकि बाकी पैसे बदलने के लिए दलाल आपके पास आ रहे हैं।"

...और क्या कहा केजरीवाल ने?
- केजरीवाल ने कहा- "नोट बदलने और एटीएम से पैसे निकालने के लिए कौन लोग लाइन में लगे हैं? वो आम जनता है।"
- "जान-बूझकर यह क्राइसिस पैदा की गई, जिससे लोग दौड़े-दौड़े सरकार के दलालों के पास भागें।"
- "ये मोदी जी का ये सर्जिकल स्ट्राइक ब्लैक मनी के ऊपर नहीं, आम जनता के बरसों से जोड़ी हुई सेविंग्स पर है।"
- "ये जो अफरातफरी मची है, उससे किसी ब्लैक मनी का पता नहीं चलने वाला। इससे ब्लैक मनी की बस जगह बदल जाएगी।"
- पलटवार करते हुए बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा- "केजरीवाल एक अफवाह बेचनेवाले से ज्यादा कुछ नहीं। उनकी अफवाह देश के लिए मजाक की तरह है।"

नोट की फोटो ट्वीट कर विवादों में आए BJP नेता संजीव कंबोज से dainikbhaskar.com की बातचीत...

Q. आपने 6 नबंवर को ही 2000 के नए नोटों की गड्डियों को फोटो ट्वीट की थी, ये कहां से आई आपके पास?
A.मेरे पास नोटों की कोई गड्डियां नहीं आई। वाट्सएप ग्रुप में फोटो आया था जिसको मैंने ट्वीट कर दिया। इस ग्रुप में कांग्रेस, अकाली दल, आप और कम्युनिस्ट पार्टी के लोग भी जुड़े हैं। मेरी गलती बस इतनी थी कि इसे ट्वीट कर दिया।

Q. मुख्यमंत्री केजरीवाल का आरोप है कि सरकार ने नोट बंद करने से पहले अपने लोगों को नए नोट पहुंचा दिए थे?
A.केजरीवाल के आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। मुझसे पहले भी कई लोगों ने फोटो ट्वीट की, लेकिन मैं बीजेपी का मेंबर हूं। इसलिए मुझे निशाने पर लिया जा रहा है। उन पर मानहानि का केस करूंगा। साथ ही उन्हें ओपन डिबेट के लिए चैलेंज करता हूं।

Q. आपके पास कोई सबूत है कि आप से पहले और भी लोगों के पास तक फोटो पहुंच चुकी थी?
A.आप भी देख सकते हैं। ट्विटर पर ढूढ़ेंगे तो नोटों को लेकर आपको कई पुराने पोस्ट भी मिलेंगे। एक अखबार ने तो पहले ही बता दिया था।

Q. ये समझें कि आपको पता ही नहीं था कि कुछ दिनों में नए नोट जारी होने वाले हैं?
A.मुझे पता होता कि इससे इतना बड़ा मुद्दा बनेगा तो मैं क्यों ट्वीट करता और पार्टी को मुश्किल में डालता। केजरीवाल का दिमाग तो बस नेगेटिव बातों में ही चलता है।
   
 
Top