अफगानिस्तान और इराक के पूर्व राजदूत ने पाकिस्तान की तुलना उत्तर कोरिया से की है। उनका कहना है कि दुनिया के लिए वह दूसरा उत्तर कोरिया है और वह दुनिया को डरा रहा है।
अफगानिस्तान और इराक में अमेरिका के पूर्व राजदूत जालमे खलिजाद ने पाकिस्तान को दुनिया के लिए दूसरा उत्तर कोरिया बताया है। उनका कहना है कि पाकिस्तान आज दुनिया के लिए इतना ही बड़ा खतरा बना हुआ है जितना की उत्तर कोरिया है। उन्होंने इसकी वजह पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को प्रोत्साहित करना और उसको समर्थन देना है।
खलिजाद ने कहा कि पाकिस्तान लगातार वर्षों से आतंकवाद का समर्थन कर उनको अपनी जमीन पर पनपने का पूरा अवसर दे रहा है। उन्होंने साफ कहा कि पाकिस्तान को तालिबान और हक्कानी नेटवर्क को समर्थन देना बंद करना होगा। पाकिस्तान इन्हें समर्थन देकर बहुत बड़ी गलती कर रहा है। उन्होंने मुंबई में 26/11 के हमले पर भारत के सबूत देने के बाद भी कार्रवाई न करने पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत ने इस बारे में कई अहम सबूत पाकिस्तान को मुहैया करवाए हैं। इसके बाद भी वह इसके गुनाहगार हाफिज सईद के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
